सोनू निगम के खिलाफ दर्ज हुई FIR: भाषाई विवाद में फंसे मशहूर सिंगर

Spread the News

बॉलीवुड के लोकप्रिय सिंगर सोनू निगम इस समय एक कानूनी विवाद में घिर गए हैं। बेंगलुरु के अवलाहल्ली पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि एक म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान उनके बयान से कन्नड़ समुदाय की भावनाएं आहत हुईं हैं।

कॉन्सर्ट में हुआ विवाद

हाल ही में बेंगलुरु के ईस्ट पॉइंट कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में एक सिंगिंग कार्यक्रम के दौरान यह विवाद सामने आया। कार्यक्रम के दौरान कुछ दर्शकों ने सोनू निगम से कन्नड़ भाषा में गाना गाने की मांग की। सिंगर के मुताबिक, यह मांग एक धमकी भरे अंदाज में की गई, जिसे उन्होंने अस्वीकार्य बताया।

सोनू निगम ने कहा, “जब मैं अपना पहला गाना गा रहा था, तब चार-पांच छात्रों का एक समूह मुझसे कन्नड़ में गाने की धमकी भरे लहजे में मांग कर रहा था। ऐसे लोगों को रोकना जरूरी है, जो प्यार की भूमि पर नफरत के बीज बोना चाहते हैं।”

कन्नड़ संगठन ने दर्ज कराई शिकायत

इस घटना के बाद ‘कर्नाटक रक्षण वेदिके’ (KRV) नामक कन्नड़ संगठन ने सोनू निगम के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कहा गया है कि सिंगर का बयान कन्नड़ समुदाय के लिए अपमानजनक है और इससे भाषाई तनाव पैदा हो सकता है। संगठन का आरोप है कि सोनू निगम के शब्द राज्य की सांस्कृतिक विविधता के लिए खतरा बन सकते हैं।

सोनू निगम ने दी सफाई

सोनू निगम ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा करते हुए स्थिति को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा, “जो लोग चिल्ला रहे थे, वे गुंडों की तरह बर्ताव कर रहे थे। अन्य दर्शकों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। मैं यह स्पष्ट करना चाहता था कि भाषा की लड़ाई नहीं होनी चाहिए। कन्नड़ लोग बहुत प्यारे हैं, लेकिन कुछ लोगों को दूसरों को धमकाने की इजाजत नहीं दी जा सकती।”

यह मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है। जहां कुछ लोग सोनू निगम के समर्थन में हैं, वहीं कुछ का मानना है कि उन्हें क्षेत्रीय संवेदनाओं का ध्यान रखना चाहिए था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।