झारखंड की भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर सामने आई है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार से राज्य के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। राजधानी रांची समेत झारखंड के कई हिस्सों में 27 अप्रैल से लेकर 30 अप्रैल तक जमकर बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान आंधी, ओलावृष्टि और वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है।
तेज गर्मी से मिलेगी राहत
पिछले कुछ दिनों से राज्य में तापमान लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार को राज्य के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। सबसे अधिक तापमान मेदिनीनगर में दर्ज किया गया, जो 43.5 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार, 26 अप्रैल की शाम से ही मौसम में बदलाव की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
27 अप्रैल से बारिश का दौर शुरू
रांची सहित झारखंड के विभिन्न जिलों में 27 अप्रैल से बारिश की शुरुआत होगी, जो 30 अप्रैल तक जारी रहेगी। इस दौरान पलामू और उसके आसपास के क्षेत्रों को छोड़कर पूरे राज्य में बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग ने 27 अप्रैल को ओलावृष्टि, तेज हवाएं और वज्रपात के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
राज्य के प्रमुख जिलों में अधिकतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में):
मेदिनीनगर – 43.5
जमशेदपुर – 42.9
चाईबासा – 42.4
बोकारो – 42.1
गोड्डा – 42.1
गढ़वा – 41.7
पाकुड़ – 41.6
देवघर – 41.1
जामताड़ा – 40.5
रांची – 39.3
तापमान में असामान्य वृद्धि
पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में औसतन एक डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है। राज्य का तापमान सामान्य से चार डिग्री तक अधिक चल रहा है। रांची का न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री और अधिकतम 39.3 डिग्री रहा।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले दो दिनों तक तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन 27 अप्रैल से तापमान में गिरावट आएगी और उमस से राहत मिलेगी। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और मौसम की जानकारी पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।