दिल्ली को मिला नया मेयर: राजा इकबाल सिंह बने मेयर, कहा – जनता को मिलेंगी सभी सुविधाएं

Spread the News

दिल्ली नगर निगम (MCD) के मेयर पद के लिए चुनाव शुक्रवार को संपन्न हुआ, जिसमें राजा इकबाल सिंह ने शानदार जीत दर्ज की। मेयर चुनाव में कुल 142 वोट डाले गए, जिनमें से राजा इकबाल सिंह को 133 वोट प्राप्त हुए। एक वोट अमान्य घोषित किया गया। भाजपा के सभी सांसद इस चुनाव प्रक्रिया में शामिल हुए।

राजा इकबाल सिंह ने कांग्रेस उम्मीदवार मंदीप सिंह को हराया। जबकि आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस चुनाव का बहिष्कार किया और कोई भी उम्मीदवार मैदान में नहीं उतारा। बता दें कि राजा इकबाल सिंह पहले नॉर्थ एमसीडी के मेयर और एमसीडी में विपक्ष के नेता भी रह चुके हैं।

मेयर बनने के बाद राजा इकबाल सिंह ने कहा, “हम सभी को साथ लेकर चलेंगे और सफाई हमारी पहली प्राथमिकता होगी। दिल्ली की जनता को सभी सुविधाएं बिना किसी भेदभाव के उपलब्ध कराई जाएंगी।”

इस अवसर पर उनके साथ कई प्रमुख नेता उपस्थित थे, जिनमें बांसुरी स्वराज, रामवीर सिंह बिधूड़ी, कमलजीत सहरावत शामिल रहे। राजा इकबाल सिंह ने पदभार ग्रहण कर लिया है।

उप-महापौर पद पर जय भगवान यादव निर्वाचित

उप-महापौर पद के लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार को मैदान से हटा लिया था, जिसके बाद जय भगवान यादव निर्विरोध निर्वाचित हुए।

मेयर बनने के बाद राजा इकबाल सिंह ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया और कहा कि वे सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों को साथ लेकर चलेंगे। उनका उद्देश्य है कि जनता के लिए सभी फैसले निष्पक्ष और जनहित में लिए जाएं।