झारखंड के 16 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट

Spread the News

रांची समेत झारखंड के 16 जिलों में रविवार को घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। हालांकि सुबह के बाद मौसम साफ हो जाएगा। वहीं 26 दिसंबर के झारखंड में ठंड बढ़ने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को सुबह पलामू, चतरा, गढ़वा, लातेहार, गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा, रांची, खूंटी, सरायकेला, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, रामगढ़, कोडरमा, हजारीबाग आदि जिलों में घना कोहरा छा सकता है।

रांची में चार डिग्री गिरा तापमान

इधर, शनिवार को रांची में पिछले 24 घंटों के मुकाबले तापमान में करीब चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। यहां का अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री रहा। जबकि 24 घंटे पहले यह 27.6 डिग्री था। बंगाल की खाड़ी में बना गहरा निम्न दबाव क्षेत्र और व्यापक होकर अपनी दिशा बदल चुका है। इस कारण झारखंड के मौसम में उतार-चढ़ाव हो रहा है। न्यूनतम पारा चार से सात डिग्री गिरा है। रात में कनकनी कम हुई है।

अगले हफ्ते से पड़ेगी भीषण सर्दी

विश्व मौसम विज्ञान संगठन (डब्ल्यूएमओ) का पूर्वानुमान है कि अगले सप्ताह से झारखंड समेत देश के कुछ राज्यों में भीषण सर्दी पड़ेगी। इसे देखते हुए राज्य के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन सचिव राजेश कुमार शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग समेत सभी संबंधित विभागों के सचिवों को अलर्ट करते हुए एहतियाती उपाय सुनिश्चित करने की हिदायत दी है। इसके आलोक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), झारखंड के अभियान निदेशक अबू इमरान ने शीतलहर से बचाव को लेकर एडवायजरी जारी की है।

झारखंड एनएचएम के अभियान निदेशक अबू ने राज्य के सभी सिविल सर्जन एवं एसीएमओ को शीत लहर से बचाव को लेकर लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ बचाव, नियंत्रण, रोकथाम, उपचार एवं प्रबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकार द्वारा दी गई मार्गदर्शिका का अक्षरश अनुपालन करने को भी कहा है। कहा है कि शीतलहर का सबसे ज्यादा असर बेघर, बुजुर्ग, बीमार, बच्चे, गर्भवती व धात्री महिलाओं के अलावा बाहर काम करने वाले कामगार व किसानों को हो सकता है। बुजुर्ग व छह साल तक के बच्चों के लिए विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।