नई दिल्ली, 28 नवंबर: महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी गई। इसके तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। सरकार का लक्ष्य संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था को 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करना है।
कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में इन विधेयकों को पेश करने की तैयारी है। लोकसभा का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होगा, जबकि राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर को होगी। संसद का यह विशेष सत्र तीन दिसंबर तक चलने की संभावना है। सरकार इस दौरान विधेयकों को पारित कराने के लिए विपक्षी दलों का समर्थन जुटाने की कोशिश करेगी।
प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार लोकसभा की वर्तमान 543 सीटों में 50 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी। इससे सदस्यों की संख्या बढ़कर लगभग 815 हो सकती है। वहीं, लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 निर्धारित करने का प्रस्ताव है। इसी तरह राज्य विधानसभाओं में भी मौजूदा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रावधान किया गया है। विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 650 तक करने का प्रस्ताव है।
परिसीमन को लेकर दक्षिण भारतीय राज्यों की ओर से जताई जा रही चिंताओं को दूर करने के लिए सरकार ने महत्वपूर्ण प्रावधान किया है। इसके तहत लोकसभा में विभिन्न राज्यों की मौजूदा हिस्सेदारी के अनुपात को 2051 तक बरकरार रखने का प्रस्ताव है। निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं के निर्धारण के लिए 2011 की जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। इसका उद्देश्य सीटों की संख्या बढ़ाने के बावजूद राज्यों के बीच मौजूदा प्रतिनिधित्व का संतुलन बनाए रखना है।
महिला आरक्षण कानून के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने का प्रावधान है। हालांकि, इसके लागू होने को लेकर परिसीमन और जनगणना की प्रक्रिया जुड़ी हुई थी। नए प्रस्ताव के जरिए सरकार इसे 2029 के आम चुनाव से लागू करने का रास्ता तैयार करना चाहती है। आरक्षित सीटों के निर्धारण और उनके आवंटन की जिम्मेदारी परिसीमन आयोग को दिए जाने का प्रस्ताव है।
गौरतलब है कि सरकार ने इससे पहले अप्रैल में भी महिला आरक्षण और परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक पेश किया था, लेकिन लोकसभा में आवश्यक दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण वह पारित नहीं हो सका था। अब संशोधित प्रस्ताव के साथ सरकार एक बार फिर संसद में इस मुद्दे को आगे बढ़ाने जा रही है। ऐसे में 30 नवंबर से शुरू होने वाला विशेष सत्र देश की संसदीय और चुनावी राजनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।