झारखंड के 680 स्कूलों की छतों पर लगेंगे सोलर पैनल, बिजली संकट से मिलेगी राहत

Spread the News

मार्च 2027 तक योजना पूरी करने का लक्ष्य, छह जिलों के सरकारी एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों को किया गया शामिल

रांची, 27 नवंबर: झारखंड के सरकारी विद्यालयों को बिजली संकट से निजात दिलाने और उन्हें स्वच्छ ऊर्जा से जोड़ने की दिशा में शिक्षा विभाग ने बड़ी पहल की है। इसके तहत संताल परगना प्रमंडल के छह जिलों के 680 सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों की छतों पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे। योजना को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इस योजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी झारखंड अक्षय ऊर्जा विकास एजेंसी (जेरेडा) को सौंपी गई है। शिक्षा विभाग ने एजेंसी को विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया है। इसके तहत चयनित विद्यालयों का सर्वेक्षण कर उनकी छतों की स्थिति, उपलब्ध जगह और सोलर पैनल लगाने की क्षमता का आकलन किया जाएगा।

योजना के तहत गोड्डा जिले के 149, दुमका के 135, देवघर के 133, साहिबगंज के 116, जामताड़ा के 77 और पाकुड़ जिले के 70 विद्यालयों को शामिल किया गया है।

विद्यालयों में रूफटॉप सोलर पैनल लगने से बिजली की पारंपरिक आपूर्ति पर निर्भरता कम होगी। साथ ही बिजली बिल में बचत होने के साथ स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब, पंखे और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन में सुविधा मिलेगी। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।

विभागीय आंकड़ों के अनुसार, राज्य के कई माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में अभी तक सौर ऊर्जा की सुविधा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में यह योजना विद्यालयों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।