नेमरा में शहीद सोबरन सोरेन को श्रद्धांजलि, 111 करोड़ की योजनाओं की सौगात

Spread the News

नेमरा के लुकैयाटांड़ में 69वें शहादत दिवस पर मुख्यमंत्री और विधायक कल्पना सोरेन ने दी श्रद्धांजलि, 111 करोड़ की योजनाओं का किया शिलान्यास एवं उद्घाटन

रामगढ़, 27 नवंबर: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने शुक्रवार को रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित लुकैयाटांड़ में शहीद सोबरन सोरेन के 69वें शहादत दिवस पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भी नमन किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री एवं विधायक पारितोषिक वितरण समारोह में शामिल हुए। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लाभुकों को लाभान्वित किया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लगभग 111 करोड़ रुपये की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि शहीद सोबरन सोरेन की शहादत ने झारखंड के आदिवासी-मूलवासी समाज में अन्याय और शोषण के खिलाफ संघर्ष की ऐसी चिंगारी प्रज्वलित की, जिसने आगे चलकर अलग झारखंड राज्य आंदोलन को नई दिशा प्रदान की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज नई पीढ़ी उनके संघर्ष, साहस और बलिदान की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प ले रही है। उन्होंने कहा कि राज्य के संसाधनों और राजस्व पर अधिकार को बाधित करने की कोशिशें की जा रही हैं, लेकिन झारखंड अपने हक और अधिकार की लड़ाई से पीछे हटने वाला नहीं है।

उन्होंने कहा कि जिस तरह संघर्ष करके झारखंड राज्य हासिल किया गया, उसी तरह संघर्ष के बल पर राज्य के लोगों को उनका वाजिब हक और अधिकार दिलाया जाएगा। सरकार राज्यवासियों के अधिकारों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।