मुंबई में धमकी भरे ई-मेल से मचा हड़कंप, 30 दिनों तक ग्रेनेड हमले और मेट्रो स्टेशनों पर IED विस्फोट की चेतावनी
मुंबई, 27 नवंबर: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन एक बार फिर धमकी के कारण सुर्खियों में हैं। मुंबई में गुरुवार, 26 नवंबर को मिले एक धमकी भरे ई-मेल में अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही पंजाबी गायक एवं अभिनेता दिलजीत दोसांझ के आगामी कॉन्सर्ट को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, अमिताभ बच्चन को इस तरह की धमकी पांचवीं बार मिली है।
यह धमकी भरा ई-मेल मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की आयुक्त अश्विनी भिड़े को भेजा गया था। ई-मेल में शुक्रवार, 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में आयोजित होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट पर हमले की चेतावनी दी गई है। धमकी देने वाले ने कार्यक्रम आयोजित होने पर मुंबई में अगले 30 दिनों तक ग्रेनेड हमले करने की बात कही है।
ई-मेल में मुंबई के मेट्रो रेल नेटवर्क को भी निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है। इसमें 27 नवंबर से 31 दिसंबर के बीच कुछ मेट्रो स्टेशनों पर इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस लगाने की बात कही गई है। इसके अलावा बीएमसी मुख्यालय स्थित मेयर कार्यालय और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों को भी निशाना बनाने का दावा किया गया है।
धमकी भरे संदेश में खालिस्तान और वर्ष 1984 के सिख-विरोधी दंगों का भी उल्लेख किया गया है। इसमें कुछ प्रतिबंधित संगठनों के नामों का हवाला देते हुए मुंबई में बड़े हमले की चेतावनी दी गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। पुलिस ने धमकी में उल्लेखित स्थानों पर सुरक्षा जांच की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तलाशी के दौरान अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। ई-मेल की सत्यता, उसके स्रोत और भेजने वाले की पहचान की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा को इससे पहले भी कई बार धमकी मिल चुकी है। वहीं, दिलजीत दोसांझ के बेंगलुरु में 29 नवंबर को प्रस्तावित कॉन्सर्ट को लेकर भी दो दिन पहले विस्फोट की धमकी मिलने की खबर सामने आई थी। लगातार मिल रही धमकियों के बाद मुंबई में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।