संविधान के मूल्यों को जीवन में आत्मसात करें अधिकारी और कर्मी : उपायुक्त ऋतुराज

Spread the News

समाहरणालय में संविधान की प्रस्तावना का हुआ सामूहिक पठन, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति दिलाई गई प्रतिबद्धता

रामगढ़, 27 नवंबर: संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिला समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पठन किया गया। इस दौरान उपायुक्त ने जिला स्तरीय वरीय अधिकारियों, विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया।

मौके पर उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतंत्र की आधारशिला है। संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय एवं बंधुत्व का अधिकार प्रदान करता है। संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों एवं सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात करना और उनका पालन करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी को संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करते हुए जनहित में कार्य करना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि संविधान दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन के निर्देश पर जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में भी संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पठन किया गया। इस आयोजन के माध्यम से संविधान के प्रति सम्मान, लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति प्रतिबद्धता और नागरिकों में संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।