बिहार के 8 नवनिर्वाचित एमएलसी आज लेंगे शपथ, समारोह में सीएम सम्राट चौधरी समेत दोनों डिप्टी सीएम होंगे शामिल

Spread the News

पटना,23 नवंबर: बिहार विधान परिषद के आठ नवनिर्वाचित सदस्य सोमवार, 23 नवंबर को पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह विधान परिषद के उपभवन सभागार में आयोजित होगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव भी मौजूद रहेंगे।

विधान परिषद के कार्यकारी सभापति प्रो. (डॉ.) रामवचन राय सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को भारतीय संविधान के अनुच्छेद 188 के तहत शपथ दिलाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार समारोह दोपहर 12:30 बजे शुरू होगा।

शपथ लेने वाले आठ सदस्यों में चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से निर्वाचित प्रतिनिधि शामिल हैं। इनमें भाजपा के दो, राजद के दो, जदयू का एक, जन सुराज पार्टी का एक और दो निर्दलीय सदस्य हैं।

ये आठ सदस्य लेंगे शपथ

• पटना स्नातक : नीरज कुमार (जदयू)

• दरभंगा स्नातक : अनिल कुमार झा (राजद)

• तिरहुत स्नातक : बंशीधर ब्रजवासी (निर्दलीय)

• कोसी स्नातक : डॉ. एनके यादव (भाजपा)

• पटना शिक्षक : डॉ. संजीव कुमार (राजद)

• दरभंगा शिक्षक : सुरेश प्रसाद राय (जन सुराज)

• तिरहुत शिक्षक : नरेंद्र प्रसाद सिंह (भाजपा)

• सारण शिक्षक : डॉ. राहुल राज (निर्दलीय)

विधान परिषद सचिवालय के अनुसार, निर्वाचित सदस्यों का कार्यकाल छह वर्षों का होगा। शपथ ग्रहण के बाद सभी सदस्य सदन की कार्यवाही में हिस्सा ले सकेंगे और अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों को विधान परिषद में उठा सकेंगे।