रामगढ़ कॉलेज में कल लगेगा स्वास्थ्य मेला, आयुष्मान कार्ड से दिव्यांगता प्रमाण पत्र तक की मिलेगी सुविधा

Spread the News

रामगढ़, 22 नवंबर: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत 23 नवंबर को रामगढ़ कॉलेज परिसर में स्वास्थ्य मेला एवं स्वास्थ्य जागरूकता अभियान का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, सरकारी योजनाओं और विभिन्न बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करना है।

स्वास्थ्य मेले में लोगों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी जाएगी। इस दौरान कुष्ठ रोग, मलेरिया और टीबी की रोकथाम, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, नियमित टीकाकरण, आयुष्मान कार्ड निर्माण तथा दिव्यांगता प्रमाण पत्र से संबंधित गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञ एवं स्वास्थ्यकर्मी लोगों को विभिन्न बीमारियों के लक्षण, बचाव के उपाय, समय पर स्वास्थ्य जांच और उचित उपचार के महत्व की जानकारी देंगे। वहीं, पात्र लाभुकों को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग भी प्रदान किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं, बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों से स्वास्थ्य मेले में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं एवं सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।