क्रिकेटर युजवेंद्र चहल की राजनीति में एंट्री, भाजपा ने OBC मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में दी जगह

Spread the News

नई दिल्ली 22 नवंबर: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल अब क्रिकेट के मैदान के साथ-साथ राजनीति में भी नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। 21 नवंबर को चहल के भाजपा में शामिल होने की खबर सामने आई है। भाजपा ने उन्हें राष्ट्रीय ओबीसी (OBC) मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर ओबीसी मोर्चा की नई राष्ट्रीय टीम में यह नियुक्ति की गई है। शनिवार को घोषित नई कार्यकारिणी में चहल के अलावा ओडिशा के प्रो. अद्वैत चरण गडनायक और उत्तर प्रदेश की अधिवक्ता सीमा समृद्धि कुशवाहा को भी विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।

चहल की इस नई भूमिका को खेल जगत से राजनीति की ओर उनके बढ़ते कदम के रूप में देखा जा रहा है। वह भारतीय क्रिकेट टीम के प्रमुख लेग स्पिनरों में शुमार रहे हैं। वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने अपनी गेंदबाजी से खास पहचान बनाई है। आईपीएल में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है।

गौरतलब है कि भाजपा ने ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में कई अन्य महत्वपूर्ण नियुक्तियां भी की हैं। इसमें सात राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, तीन राष्ट्रीय महामंत्री और सात राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किए गए हैं। चहल को फिलहाल विशेष आमंत्रित सदस्य की जिम्मेदारी मिली है।