रामगढ़, 21 नवंबर: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (माय भारत) रामगढ़ की ओर से रामगढ़ समाहरणालय स्थित राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के सभाकक्ष में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 के तहत जिला स्तरीय विकसित भारत चैलेंज ट्रैक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के प्रतिभागी युवाओं ने अपने विचारों और नवाचारपूर्ण सुझावों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी प्रस्तुत की।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना तथा उनमें नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक चिंतन, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था। प्रथम चरण में प्रश्नोत्तरी और दूसरे चरण में लेख प्रतियोगिता में सफलता हासिल करने वाले प्रतिभागियों ने इस जिला स्तरीय चरण में पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से अपने विचार रखे।
जिला युवा अधिकारी रुद्र शेखर ने बताया कि इस पहल के माध्यम से युवाओं को सतत औद्योगीकरण, नवाचार और देश एवं राज्य के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार, दृष्टिकोण और सुझाव प्रस्तुत करने का अवसर मिल रहा है। माय भारत रामगढ़ का प्रयास अधिक से अधिक युवाओं को इस अभियान से जोड़ना और उन्हें विकसित भारत @2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में सक्रिय भागीदार बनाना है।
मेरा युवा भारत रामगढ़ के युवा कार्यकर्ता नितेश कुमार मोदी ने कहा कि विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 युवाओं को नीति निर्माण, सामाजिक परिवर्तन, नवाचार और राष्ट्र के भविष्य से जुड़े विषयों पर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है।
प्रतियोगिता में अनिका भगतिया ने प्रथम, अनीशा कुमारी ने द्वितीय और मोबसरीन खान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं जया कुमारी चौथे, विक्की कुमार पांचवें और अजय कुमार महतो छठे स्थान पर रहे। सभी विजेताओं को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। सफल प्रतिभागी राज्य स्तर पर रामगढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
निर्णायक मंडल में डॉ. संजय सिंह, डॉ. संगीता बारला एवं डॉ. सुरेंद्र यादव शामिल थे। उन्होंने कहा कि इस तरह के मंच युवाओं की प्रतिभा को पहचानने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में संदेश दिया गया कि विकसित भारत का निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक युवा की सक्रिय भागीदारी, सकारात्मक सोच और रचनात्मक प्रयास महत्वपूर्ण हैं। मौके पर माय भारत के महेश कुमार, समीर कुमार एवं रानी कश्यप उपस्थित थे।