सेना के वाहन का चालान काटने वाली महिला इंस्पेक्टर पर कार्रवाई, असम में ड्यूटी से हटाईं गईं समीम सुल्ताना

Spread the News

गुवाहाटी 21, नवंबर: असम के जोरहाट में भारतीय सेना के वाहन का चालान काटने के मामले में महिला मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर (MVI) समीम सुल्ताना के खिलाफ कार्रवाई की गई है। सेना के जवान के साथ बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया। जिला परिवहन प्रशासन ने उन्हें एक से दो दिनों के लिए ड्यूटी से हटा दिया है। हालांकि, उन्हें नौकरी से बर्खास्त किए जाने की खबर सही नहीं है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर को जोरहाट के एटी रोड स्थित इंटर स्टेट बस टर्मिनल (ISBT) के पास परिवहन विभाग की टीम सड़क सुरक्षा अभियान के तहत वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सेना के एक वाहन को रोका गया। जांच में चालक द्वारा सीट बेल्ट नहीं लगाने पर समीम सुल्ताना ने चालान काट दिया। इस दौरान महिला अधिकारी और सेना के जवान के बीच कहासुनी हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

मामले पर जिला परिवहन अधिकारी धनंजय सैकिया ने स्पष्ट किया कि सेना के चालक का चालान नागरिक ड्राइविंग लाइसेंस नहीं दिखाने के कारण नहीं, बल्कि सीट बेल्ट नहीं लगाने के कारण काटा गया था। सेना के जवान अधिकृत सैन्य वाहनों को रक्षा विभाग द्वारा जारी ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर चला सकते हैं। हालांकि, यह लाइसेंस निजी वाहनों के संचालन के लिए मान्य नहीं है।

जिला परिवहन अधिकारी के अनुसार, महिला अधिकारी के मीडिया में दिए गए बयानों और बातचीत के तरीके से पैदा हुई स्थिति को देखते हुए उन्हें अस्थायी रूप से ड्यूटी से हटाया गया है। वहीं, जोरहाट जिला प्रशासन ने सेना के जवानों को हुई असुविधा और असहज स्थिति के लिए खेद जताया है।

घटना के बाद सेना और नागरिक प्रशासन के अधिकारियों के बीच संयुक्त बैठक भी हुई। बैठक में दोनों पक्षों ने आपसी समन्वय और बेहतर संबंध बनाए रखने पर जोर दिया। प्रशासन ने यातायात जांच में लगे अधिकारियों को सेना, एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं के वाहनों के साथ संवेदनशीलता बरतने की सलाह दी है। हालांकि, प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि सीट बेल्ट का नियम सेना के वाहनों पर भी समान रूप से लागू होता है।