सीएम सम्राट चौधरी ने जारी किया निर्यात एक्शन प्लान, डीएम-एसपी को उद्योगपतियों की समस्याएं दूर करने के लिए हर महीने बैठक करने का निर्देश
पटना,20 नवंबर: बिहार के पारंपरिक और कृषि उत्पादों को अब अंतरराष्ट्रीय बाजारों में नई पहचान दिलाने की तैयारी की जा रही है। राज्य के मखाना, शाही लीची और मक्का समेत कई स्थानीय उत्पादों को विदेशों तक पहुंचाने के लिए बिहार सरकार निर्यात को बढ़ावा देगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को पटना में आयोजित राज्यस्तरीय ‘लीवरेजिंग फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स आउटरीच कार्यक्रम’ के दौरान इसकी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को देश के प्रमुख निर्यात केंद्रों में शामिल करने और औद्योगिक विकास को गति देने के लिए सरकार काम कर रही है। इसके लिए स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता, आकर्षक पैकेजिंग, ब्रांडिंग और बेहतर मार्केटिंग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने ‘एक जिला, एक उत्पाद’ योजना के तहत बिहार के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने जिलों में उद्योग प्रतिनिधियों के साथ हर महीने बैठक करें। उद्योगपतियों और कारोबारियों की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें, ताकि राज्य में निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार फाउंडेशन के 31 देशों में सक्रिय चैप्टर का इस्तेमाल विदेशी बाजारों की संभावनाएं तलाशने और स्थानीय कारोबारियों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से जोड़ने में किया जाएगा। इसके साथ ही मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) के माध्यम से कम शुल्क वाले बाजारों तक पहुंच बनाने के लिए उद्यमियों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के कुल मखाना उत्पादन में बिहार की हिस्सेदारी लगभग 80 प्रतिशत है। बिहार से करीब 40 टन मखाना ऑस्ट्रेलिया निर्यात किया जा चुका है। इसके अलावा राज्य लीची और मक्का उत्पादन में भी अग्रणी है। इन उत्पादों को बेहतर गुणवत्ता और आधुनिक पैकेजिंग के साथ विदेशों में स्थापित करने की योजना है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एफटीए एक्शन प्लान, निर्यातकों के लिए हैंडबुक और प्रश्नोत्तर पुस्तिका का विमोचन किया। इस अवसर पर उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह, विदेश व्यापार महानिदेशालय के महानिदेशक लव अग्रवाल और उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार समेत कई अधिकारी एवं उद्योग प्रतिनिधि मौजूद थे।