खेल प्रतियोगिताओं में युवाओं ने दिखाया दमखम, नशामुक्त भारत का दिया संदेश

Spread the News

रामगढ़, 20 नवंबर: भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत गुरुवार को मेरा युवा भारत (माय भारत) एवं भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के संयुक्त तत्वावधान में नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के तहत सिदो-कान्हू स्टेडियम, रामगढ़ में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, शारीरिक फिटनेस, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने के साथ उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिला खेल पदाधिकारी संजीत कुमार, जिला युवा अधिकारी रूद्र शेखर एवं भारतीय खेल प्राधिकरण, रांची की कमलेश ठिकाना ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी ने कहा कि खेल उत्सव का उद्देश्य युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना, उनकी प्रतिभा को निखारना तथा स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। वहीं कमलेश ठिकाना ने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य को बर्बाद करता है। युवाओं को अपनी ऊर्जा और पराक्रम खेल के मैदान में दिखाना चाहिए।

प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के लिए विभिन्न खेल स्पर्धाएं आयोजित की गईं। बालक वर्ग में वॉलीबॉल, 400 मीटर दौड़ एवं गोला फेंक तथा बालिका वर्ग में वॉलीबॉल, 200 मीटर दौड़ एवं लंबी कूद प्रतियोगिता हुई। इसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिताओं के परिणाम में बालिका लंबी कूद में पायल कुमारी ने प्रथम, खुशी कुमारी ने द्वितीय तथा रिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका 200 मीटर दौड़ में खुशी कुमारी प्रथम, पायल कुमारी द्वितीय एवं रिया कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। बालक 400 मीटर दौड़ में करण रजवार ने प्रथम, नितेश यादव ने द्वितीय तथा देवांशु कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। गोला फेंक प्रतियोगिता में अंकित सिंह प्रथम, सानू जायसवाल द्वितीय एवं सत्येंद्र कुमार तृतीय स्थान पर रहे। वहीं बालिका वॉलीबॉल प्रतियोगिता में पोचरा राइजिंग क्लब-ए ने प्रथम तथा राइजिंग क्लब-बी ने द्वितीय स्थान हासिल किया। विजेताओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर माय भारत रामगढ़ के युवा कार्यकर्ता नितेश कुमार मोदी ने कहा कि युवाओं के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। खेल से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में माय भारत रामगढ़ की अंजू कुमारी एवं विकास सुधांशु की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन के समन्वय में युवा कार्यकर्ता नितेश कुमार मोदी सक्रिय रहे। इसके अलावा सिकंदर पांडे, मोनू कुमार, स्मृति भारद्वाज, मनीष पृथ्वि, सुधीर कुमार, धीरज कुमार, अनुराग कुमार एवं महेश कुमार का सराहनीय योगदान रहा।

कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को संदेश दिया गया कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि स्वस्थ समाज, नशामुक्त युवा और विकसित भारत के निर्माण का मजबूत आधार हैं।