रांची, 19 नवंबर: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण -2026) को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने मतदाताओं को भरोसा दिलाया है कि बिना निर्धारित प्रक्रिया और भौतिक सत्यापन के किसी भी मतदाता का नाम अंतिम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा।
बुधवार को राज्यभर के मतदान केंद्रों पर आयोजित ‘एक और अवसर’ विशेष कैंप के दौरान के. रवि कुमार ने रांची के हटिया विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एएसडीडी सूची में शामिल तथा दो बार नोटिस दिए जाने के बावजूद दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने वाले मतदाताओं के घर जाकर भौतिक सत्यापन की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि कई मतदाताओं के पास आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध हैं, लेकिन बीएलओ और संबंधित अधिकारी उनसे संपर्क कर दस्तावेज प्राप्त करने में अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखा रहे हैं। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए सत्यापन कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
के. रवि कुमार ने स्पष्ट किया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किसी भी मतदाता का नाम अंतिम सूची से हटाने से पहले घर-घर जाकर सत्यापन करना अनिवार्य होगा। साथ ही निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) को प्रत्येक मामले में कारण सहित आदेश जारी करना होगा। उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव में किसी भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं छूटना चाहिए।
इस दौरान कई ऐसे युवा भी मिले, जिनकी उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, लेकिन उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। इस पर उन्होंने सभी इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब को जागरूकता अभियान चलाने और विशेष कैंप लगाकर पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने का निर्देश दिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि एसआईआर की प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।