झारखंड में SIR का नया शेड्यूल जारी, अब 22 दिसंबर को आएगी अंतिम मतदाता सूची

Spread the News

रांची, 18 नवंबर: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण -2026) की समयसीमा एक बार फिर बढ़ा दी गई है। भारत निर्वाचन आयोग ने संशोधित कार्यक्रम जारी करते हुए अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तारीख अब 22 दिसंबर 2026 निर्धारित की है। इससे पहले अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर को प्रकाशित होनी थी। नई समयसीमा के तहत निर्वाचन आयोग ने पुनरीक्षण से जुड़े कार्यों को पूरा करने के लिए 22 दिनों का अतिरिक्त समय दिया है।

निर्वाचन आयोग के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, मतदाता सूची से संबंधित सभी दावे और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 15 दिसंबर तक पूरी करनी होगी। इसके बाद 22 दिसंबर को राज्य की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

आयोग ने अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं यानी ASDD श्रेणी के लिए भी अलग समय-सारिणी जारी की है।

• 18 नवंबर तक: गणना प्रपत्र तैयार और प्रिंट करने का कार्य पूरा होगा।

• 18 से 30 नवंबर तक: गणना प्रपत्रों का वितरण और संग्रह किया जाएगा।

• 10 दिसंबर तक: प्राप्त प्रपत्रों के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी होगी।

• 15 दिसंबर तक: दावे और आपत्तियों का निपटारा किया जाएगा।

• 22 दिसंबर: अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।

निर्वाचन आयोग ने 17 नवंबर को जारी पत्र के माध्यम से झारखंड समेत सात राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए संशोधित कार्यक्रम जारी किया है। इनमें महाराष्ट्र, दिल्ली, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, नगालैंड और हरियाणा भी शामिल हैं।

आयोग ने संबंधित अधिकारियों को नई समय-सारिणी का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को भी इसकी जानकारी देने का निर्देश दिया है।

इस फैसले से झारखंड में मतदाता सूची के पुनरीक्षण से जुड़े लंबित मामलों के निस्तारण के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा। अब सभी की नजरें 22 दिसंबर को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची पर टिकी हैं।