21 नवंबर को पीएम मोदी करेंगे ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन, पटना से उत्तर बिहार का सफर होगा आसान

Spread the News

करीब 5 हजार करोड़ रुपये की लागत से बना 6 लेन का महासेतु होगा राष्ट्र को समर्पित, गंगा नदी पर बना है 9.76 किलोमीटर लंबा पुल

पटना,18 नवंबर: बिहार को 21 नवंबर को एक बड़ी सड़क परियोजना की सौगात मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने बिहार दौरे के दौरान कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन महासेतु का उद्घाटन करेंगे। बिहार सरकार ने इस पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर ‘नीतीश सेतु’ रखा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसकी आधिकारिक घोषणा की है।

करीब 4,988.40 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह महासेतु पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ेगा। पुल की कुल परियोजना लंबाई लगभग 22.76 किलोमीटर है, जिसमें गंगा नदी पर 9.76 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और करीब 13 किलोमीटर एप्रोच रोड शामिल है। इसकी चौड़ाई 32 मीटर है और इसमें कुल 67 पाये बनाए गए हैं।

इस महासेतु के चालू होने से पटना सहित उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन पहले से अधिक सुगम होगा। वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी की ओर जाने वाले यात्रियों को एक वैकल्पिक मार्ग मिलेगा। इससे महात्मा गांधी सेतु पर वाहनों का दबाव कम होने और जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। व्यापारिक गतिविधियों और मालवाहक वाहनों की आवाजाही को भी गति मिलेगी।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला अगस्त 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रखी थी। इसके निर्माण में एलएंडटी और दक्षिण कोरिया की कंपनी देवू की संयुक्त भूमिका रही है। पुल का निर्माण एक्स्ट्राडोज्ड केबल स्टे तकनीक से किया गया है। परियोजना का एक हिस्सा पहले ही चालू किया जा चुका है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को वैशाली जिले के राजापाकर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इस महासेतु को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके साथ ही बिहार में कई अन्य विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी प्रस्तावित है।