19 नवंबर से झारखंड में बदलेगा मौसम, तीन दिनों तक बारिश के आसार; 3-4 डिग्री तक गिरेगा पारा

Spread the News

रांची, 17 नवंबर: झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 19 नवंबर से राज्य में बारिश की संभावना जताई है। अगले तीन दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने और कई इलाकों में गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है। खासकर राज्य के दक्षिणी जिलों में बारिश का असर अधिक देखने को मिल सकता है। मौसम में बदलाव के बाद तापमान में गिरावट आने से ठंड भी बढ़ने के आसार हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, 19 नवंबर से राज्य के मौसम में बदलाव शुरू होगा। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा समेत दक्षिणी झारखंड के जिलों में बारिश की संभावना है। वहीं, 20 और 21 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही गरज-चमक और वज्रपात की आशंका भी बनी हुई है।

मौसम में बदलाव की प्रमुख वजह बंगाल की खाड़ी में बना अति गहरा अवदाब बताया जा रहा है। इसके चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है। इस मौसमी सिस्टम का प्रभाव झारखंड के दक्षिणी हिस्सों में देखने को मिल सकता है। इसके कारण बादलों की सक्रियता बढ़ने और बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि, इसके बाद न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ेगा। राजधानी रांची सहित राज्य के अन्य जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है।

बारिश और वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए। मौसम की ताजा जानकारी और जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों पर भी नजर रखने की सलाह दी गई है।