एनटीए ने जारी किए 48 महत्वपूर्ण FAQ, आवेदन फॉर्म में 10वीं के प्रमाणपत्र के अनुसार नाम दर्ज करने की सलाह
नई दिल्ली/रांची, 17 नवंबर: इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने का सपना देख रहे लाखों विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। जेईई मेन 2027 के आवेदन के दौरान यदि किसी उम्मीदवार के आधार कार्ड और 10वीं की मार्कशीट में नाम अलग-अलग दर्ज है, तो उसकी उम्मीदवारी रद्द नहीं होगी। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि दोनों दस्तावेजों में नाम का अंतर होने से उम्मीदवार की दावेदारी प्रभावित नहीं होगी।
एनटीए ने 13 नवंबर 2026 को जेईई मेन 2027 सेशन-1 के लिए 48 महत्वपूर्ण Frequently Asked Questions (FAQ) जारी किए हैं। इनमें आवेदन प्रक्रिया, आधार कार्ड, डिजीलॉकर, APAAR ID, पात्रता और परीक्षा से संबंधित कई महत्वपूर्ण सवालों के जवाब दिए गए हैं।
एनटीए की ओर से जारी FAQ में स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी उम्मीदवार के आधार कार्ड और 10वीं के प्रमाणपत्र या मार्कशीट में नाम का अंतर है, तो उसे परेशान होने की जरूरत नहीं है। हालांकि, ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरते समय उम्मीदवार को अपना नाम ठीक उसी तरह दर्ज करना होगा, जैसा कि उसकी 10वीं की मार्कशीट या प्रमाणपत्र में लिखा हुआ है। इस निर्देश का पालन करने से आवेदन प्रक्रिया में अनावश्यक परेशानी से बचा जा सकता है।
एनटीए ने यह भी स्पष्ट किया है कि जेईई मेन 2027 के लिए APAAR ID अनिवार्य नहीं है। इसके बिना भी उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। वहीं, डिजीलॉकर से संबंधित प्रक्रिया पूरी करने और ई-केवाईसी अपडेट रखने की सलाह दी गई है, ताकि आवेदन के दौरान दस्तावेजों और फोटो से जुड़ी समस्याएं नहीं आएं।
शैक्षणिक सत्र 2026-27 में 12वीं की परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के पास यदि आवेदन के समय रजिस्ट्रेशन नंबर, एनरोलमेंट नंबर या रोल नंबर उपलब्ध नहीं है, तो वे फॉर्म में ‘Not Available’ विकल्प चुन सकते हैं। ऐसे उम्मीदवारों के लिए इन जानकारियों को आवेदन के समय अनिवार्य नहीं किया गया है।
जेईई मेन 2027 सेशन-1 के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। उम्मीदवार 22 नवंबर 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। एनटीए की ओर से आवेदन में निर्धारित कुछ जानकारियों में सुधार के लिए 27 से 29 नवंबर तक करेक्शन विंडो उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी गई है।