नई दिल्ली/रांची, 14 नवंबर: लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूरे देश में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। शनिवार, 14 नवंबर को छठ महापर्व के दूसरे दिन खरना की पूजा होगी। बिहार और झारखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों में छठी मैया की भक्ति का माहौल बना हुआ है। शहरों से लेकर गांवों तक घरों में छठ के पारंपरिक गीत गूंज रहे हैं और श्रद्धालु पूजा की तैयारियों में जुटे हैं।
चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हुई। इस दिन व्रतियों ने स्नान कर घरों की साफ-सफाई की और पूरी शुद्धता के साथ कद्दू-भात का प्रसाद तैयार कर ग्रहण किया। इसके बाद शनिवार को खरना की परंपरा निभाई जाएगी।
खरना के दिन व्रती सुबह से निर्जला उपवास रखते हैं। शाम को स्नान के बाद मिट्टी के चूल्हे पर गुड़ की खीर, रोटी और अन्य प्रसाद तैयार किया जाता है। भगवान सूर्य और छठी मैया को भोग लगाने के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसी के साथ लगभग 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू हो जाता है।
छठ महापर्व का मुख्य आकर्षण 15 नवंबर को होने वाला संध्या अर्घ्य होगा। इस दिन व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को नदी, तालाब और विभिन्न छठ घाटों पर अर्घ्य अर्पित करेंगे। वहीं, 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा और व्रती पारण करेंगे।
बिहार और झारखंड के अलावा दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, उत्तर प्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले बिहार-झारखंड के लोग भी पूरे उत्साह के साथ छठ पर्व मना रहे हैं। घाटों की सजावट, पूजा सामग्री की खरीदारी और पारंपरिक छठ गीतों से वातावरण भक्तिमय हो गया है।
छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि लोक आस्था, सामाजिक एकता, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और पारिवारिक सुख-समृद्धि का प्रतीक भी है। इस महापर्व में डूबते और उगते दोनों सूर्य की उपासना कर मानव जीवन में प्रकृति और सूर्य के महत्व का संदेश दिया जाता है।