खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, मिलावट और खाद्य प्रतिष्ठानों से जुड़ी समस्याओं की शिकायत अब 7909052697 पर की जा सकेगी दर्ज
रामगढ़, 30 अक्टूबर: जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, मिलावट पर रोक लगाने और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मोबाइल नंबर 7909052697 जारी किया गया है। अब आम नागरिक खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका, दूषित या असुरक्षित खाद्य सामग्री की बिक्री तथा खाद्य प्रतिष्ठानों में नियमों के उल्लंघन से संबंधित शिकायत इस नंबर पर दर्ज करा सकते हैं।
जिले के नागरिकों से अपील की गई है कि किसी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता, साफ-सफाई या मिलावट को लेकर शिकायत होने पर इसकी सूचना संबंधित मोबाइल नंबर पर दें। शिकायत करते समय प्रतिष्ठान का नाम, पूरा पता, समस्या का विवरण और उपलब्ध साक्ष्य साझा करने से कार्रवाई में मदद मिल सकती है।
खाद्य पदार्थों में मिलावट और दूषित सामग्री का सेवन लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। ऐसे में खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए आम नागरिकों की जागरूकता एवं भागीदारी महत्वपूर्ण है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से जागरूक उपभोक्ता बनने तथा खाद्य पदार्थों और खाद्य प्रतिष्ठानों से संबंधित किसी भी अनियमितता की जानकारी जारी मोबाइल नंबर 7909052697 पर देने की अपील की है।