होमगार्ड बहाली: तीसरे दिन 811 अभ्यर्थियों ने लिया परीक्षा में भाग

Spread the News

मांडू प्रखंड के पुरुष अभ्यर्थियों की हुई शारीरिक दक्षता परीक्षा, 668 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित

रामगढ़, 27 अक्टूबर: जिले में गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) बहाली के तहत सिद्धू-कान्हू मैदान में आयोजित शारीरिक दक्षता एवं हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा का तीसरा दिन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। तीसरे दिन मांडू प्रखंड के पुरुष अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। निर्धारित 1,479 अभ्यर्थियों में से 811 उपस्थित रहे, जबकि 668 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास, अनुशासन तथा परीक्षा स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। बहाली प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया गया।

परीक्षा स्थल पर केवल अभ्यर्थियों को प्रवेश की अनुमति दी गई। वहीं, केंद्र के अंदर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध लागू रहा। प्रतिनियुक्त प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों तथा कर्मियों ने परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।

जिले में होमगार्ड बहाली के तहत शारीरिक दक्षता एवं हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा 24 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक सिद्धू-कान्हू मैदान, रामगढ़ में आयोजित की जा रही है। परीक्षा प्रतिदिन सुबह पांच बजे से शुरू होती है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 27 अक्टूबर को मांडू प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों की परीक्षा होगी। इसके बाद पतरातू, रामगढ़, गोला एवं चितरपुर प्रखंडों के साथ शहरी गैर-तकनीकी एवं शहरी तकनीकी क्षेत्र के अभ्यर्थियों की परीक्षा निर्धारित तिथियों पर आयोजित की जाएगी।

जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपनी परीक्षा की निर्धारित तिथि की जानकारी प्राप्त कर समय पर केंद्र पहुंचें और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रशासन ने बहाली प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की प्रतिबद्धता दोहराई है।