JTET-2026: परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन सतर्क, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और सीसीटीवी निगरानी पर जोर

Spread the News

1 नवंबर को राज्यभर के 986 केंद्रों पर होगी शिक्षक पात्रता परीक्षा, 5.65 लाख से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल

रांची, 26 अक्टूबर: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 के सफल, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर राज्य सरकार, झारखंड अधिविद्य परिषद और जिला प्रशासन सतर्क हो गए हैं। परीक्षा का आयोजन आगामी 1 नवंबर को किया जाएगा। राज्यभर में इसके लिए 986 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां लगभग 5.65 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की जानकारी है। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी जिलों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया है।

परीक्षा से पहले जैक की ओर से अधिकारियों के लिए कार्यशाला आयोजित कर प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने और परीक्षा प्रक्रिया को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रश्नपत्रों को कोषागार में सुरक्षित रखने से लेकर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने और निर्धारित समय पर सीलबंद पैकेट खोलने तक प्रत्येक चरण में निर्धारित नियमों का पालन करने पर जोर दिया गया है।

इसके साथ ही ओएमआर शीट और प्रश्न पुस्तिकाओं के वितरण, उपयोग, संग्रहण तथा जमा करने का पूरा रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था का भौतिक सत्यापन करने और किसी भी तरह की अनियमितता रोकने के लिए संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा गया है।

परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल, गृह रक्षकों और दंडाधिकारियों की तैनाती की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष और उड़नदस्ता दल के माध्यम से परीक्षा के संचालन पर नजर रखने की तैयारी है। परीक्षा से संबंधित अफवाहों, प्रश्नपत्र लीक और नकल जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए भी सतर्कता बरतने को कहा गया है।

प्रशासन का जोर है कि परीक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी हों तथा जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, शिक्षा विभाग, केंद्राधीक्षकों और वीक्षकों के बीच बेहतर समन्वय बना रहे। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या लापरवाही सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

करीब नौ साल के लंबे अंतराल के बाद आयोजित हो रही इस परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में उत्सुकता है। परीक्षा की तैयारियों के बीच प्रशासन के सामने इसे निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की जिम्मेदारी है।