राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के गणित विभाग में स्वागत और विदाई समारोह आयोजित

Spread the News

नये विद्यार्थियों का हुआ स्वागत, निवर्तमान छात्रों को दी गई उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं

रामगढ़, 15 अक्टूबर: राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के गणित विभाग में एमएससी सत्र 2026-28 एवं बीएससी सत्र 2026-30 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत तथा एमएससी सत्र 2024-26 के विद्यार्थियों की विदाई के लिए संयुक्त समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान नए विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया, वहीं निवर्तमान छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी.एन. साह, सचिव प्रियंका कुमारी, कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार तथा प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार के प्रेरणादायी संदेशों के साथ हुआ।

गणित विभागाध्यक्ष डॉ. विजय कुमार पांडेय ने अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि गणित जीवन की भाषा है। इसमें सफलता प्राप्त करने के लिए नियमित अभ्यास, अनुशासन और कठिन परिश्रम आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि गणित सत्य सिखाता है, झूठ नहीं। इसके बाद नवप्रवेशित एवं निवर्तमान विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से केक काटकर समारोह की खुशियां साझा कीं।

कुलाधिपति बी.एन. साह ने कहा कि गणित सभी विज्ञानों की जननी है और गणित विभाग के विद्यार्थी विश्वविद्यालय की धरोहर हैं। उन्होंने नवागंतुक छात्रों का स्वागत करते हुए निवर्तमान विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। सचिव प्रियंका कुमारी ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी बनाना भी है।

कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि ने कहा कि गणित विद्यार्थियों को अनुशासन और धैर्य सिखाता है। उन्होंने नियमित कक्षाओं में उपस्थित रहने तथा पुस्तकालय का अधिकतम उपयोग करने की सलाह दी। कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल ने विद्यार्थियों को नियमित उपस्थिति, अनुशासन और अध्ययन के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर गणित विभाग के डॉ. चंदन कुमार, जूलॉजी विभाग की डॉ. अपराजिता, बॉटनी विभाग की डॉ. पूजा कुमारी जायसवाल, भौतिकी विभाग के डॉ. धीरज कुमार, केमिस्ट्री विभाग के डॉ. सौरभ कुमार सिंह तथा माइक्रोबायोलॉजी विभाग के डॉ. प्रणव कुमार महाता ने भी अपने विचार रखे।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने ‘चलते-चलते, कभी अलविदा न कहना’ गीत प्रस्तुत कर माहौल को भावुक बना दिया। मंच संचालन छात्राओं अल्पना एवं ज्योति तथा छात्र तिलेश्वर ने संयुक्त रूप से किया। अंत में गणित विभाग के शिक्षक जतरू महतो के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।