मतदाता सूची पुनरीक्षण में तेजी लाने के निर्देश, आयुक्त ने किया मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण

Spread the News

रामगढ़, 11 अक्टूबर: मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत शनिवार को उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग के मतदाता सूची प्रेक्षक-सह-प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने रामगढ़ जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में आयुक्त ने 23-रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के रामगढ़ प्रखंड अंतर्गत मतदान केंद्र संख्या 130, 131 और 132 तथा चितरपुर प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 235, 236 और 238 का जायजा लिया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए प्राप्त प्रपत्र-6 की स्थिति की जानकारी ली।

जिन मतदान केंद्रों पर प्रपत्र-6 की संख्या कम पाई गई, वहां संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) और बीएलओ पर्यवेक्षकों को घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों से अधिक से अधिक प्रपत्र-6 भरवाए जाएं और प्राप्त आवेदनों की ऑनलाइन प्रविष्टि समय पर सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

आयुक्त ने रामगढ़ के सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी से 10 अक्टूबर को आयोजित मेगा हेल्प डेस्क कैंप के कार्यों की जानकारी भी ली। उन्होंने कैंप के माध्यम से नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि एसआईआर अभियान का गांव-गांव और शहरी क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इसका उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक तक जानकारी पहुंचाना और मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाना है।