सफाई मित्रों और स्वास्थ्यकर्मियों का सम्मान, देवेश तिवारी ने किया सदर अस्पताल व नगर परिषद का निरीक्षण

Spread the News

रामगढ़, 06 अक्टूबर: ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार की राज्य स्तरीय दिशा समिति (झारखंड) के सदस्य देवेश तिवारी ने सोमवार को रामगढ़ जिला भ्रमण के दौरान सदर अस्पताल एवं नगर परिषद क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्यकर्मियों, पैरामेडिकल स्टाफ और सफाई मित्रों को सम्मानित करते हुए उनके योगदान की सराहना की।

सदर अस्पताल के निरीक्षण के दौरान देवेश तिवारी ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं, मरीजों को मिल रही सुविधाओं तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर ढंग से आम लोगों तक पहुंचाने में जुटे फ्रंटलाइन हेल्थ वर्कर्स एवं पैरामेडिकल स्टाफ के कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने अधिकारियों एवं अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति और जरूरतमंद मरीजों तक पारदर्शी एवं त्वरित तरीके से पहुंचाया जाए।

इसके बाद सर्किट हाउस के समीप नगर परिषद रामगढ़ के सफाई मित्रों को शॉल एवं गमछा देकर सम्मानित किया गया। देवेश तिवारी ने कहा कि सफाई मित्र शहर को स्वच्छ और स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कर्मियों से कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करने और अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की।

इस दौरान उन्होंने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अजमल हुसैन से STP, WTP, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण एवं राजस्व शाखा से संबंधित कार्यों की जानकारी ली। इसके बाद सफाई मित्रों के साथ श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। कार्यक्रम में सिटी मैनेजर राजीव रंजन, सुपरवाइजर सलमान अंसारी सहित नगर परिषद कर्मी एवं स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी मौजूद रहे।