रामगढ़, 06 अक्टूबर: समाहरणालय सभागार में सोमवार को उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज की अध्यक्षता में मांडू प्रखंड के नया मोड़ (कुज्जू) से चुंबा तक सड़क के मरम्मतीकरण एवं नवनिर्माण को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक हुई। बैठक में मांडू विधायक निर्मल महतो सहित संबंधित क्षेत्र के मुखिया, जनप्रतिनिधि, सीसीएल, एनएचएआई एवं विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में आगामी दुर्गा पूजा को देखते हुए आम लोगों और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन को लेकर तत्काल सड़क मरम्मत कराने पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने नया मोड़ कुज्जू से रामगढ़ क्षेत्र तक करीब नौ किलोमीटर लंबे सड़क खंड की तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश सीसीएल एवं एनएचएआई को दिया, ताकि पूजा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
उपायुक्त ने बताया कि तत्काल मरम्मत के बाद सड़क के स्थायी नवनिर्माण की दिशा में कार्य किया जाएगा। इसके लिए सीसीएल, सड़क का उपयोग करने वाले औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं कंपनियों के सीएसआर मद के साथ-साथ डीएमएफटी फंड से राशि उपलब्ध कराने की योजना है। बैठक में मौजूद औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों ने सड़क निर्माण में सहयोग देने पर सहमति जताई।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सड़क के नवनिर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही सड़क संपर्क बेहतर होने से क्षेत्र में विकास की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
उपायुक्त ने सभी संबंधित औद्योगिक प्रतिष्ठानों को आपसी समन्वय के साथ फंड आवंटन एवं तकनीकी प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया, ताकि निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण पूरा किया जा सके। बैठक में एसडीओ कृष्ण मुरारी तिर्की, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, सीसीएल व विभिन्न कंपनियों के अधिकारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।