डीबीटी के माध्यम से 18.66 करोड़ रुपये का भुगतान, प्रत्येक लाभुक को मिले 1000 रुपये
रांची, 06 अक्टूबर: सर्वजन पेंशन योजना के तहत रांची जिले के 1 लाख 86 हजार 669 पेंशन लाभुकों को सितंबर माह की पेंशन राशि का भुगतान कर दिया गया है। जिला प्रशासन के अनुसार, लाभुकों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से कुल 18 करोड़ 66 लाख 69 हजार रुपये हस्तांतरित किए गए हैं। प्रत्येक लाभुक के खाते में एक हजार रुपये की राशि भेजी गई है।
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर पहले चरण में यह भुगतान किया गया है। सितंबर माह में सबसे अधिक 1 लाख 85 हजार 894 लाभुकों को मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभ मिला। इसके अलावा मुख्यमंत्री राज्य आदिम जनजाति पेंशन योजना के 318, मुख्यमंत्री राज्य एचआईवी/एड्स पीड़ित व्यक्ति सहायतार्थ पेंशन योजना के 454 तथा मुख्यमंत्री राज्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत तीन ट्रांसजेंडर लाभुकों के खातों में भी राशि भेजी गई है।
जिला प्रशासन ने बताया कि जिन लाभुकों के खाते में सितंबर माह की पेंशन राशि अब तक नहीं पहुंची है, उन्हें अपने बैंक खाते की आधार सीडिंग की स्थिति की जांच करानी चाहिए। आधार सीडिंग नहीं होने पर डीबीटी के माध्यम से राशि हस्तांतरण में परेशानी हो सकती है। ऐसे लाभुकों से बैंक खाते में आधार सीडिंग की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने की अपील की गई है, ताकि उन्हें आगे भी पेंशन योजना का लाभ नियमित रूप से मिलता रहे।