रामगढ़, 30 सितंबर: सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत की उपस्थिति में जिला परिवहन कार्यालय के कार्यों और सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। बैठक में अवैध पार्किंग, अतिक्रमण, ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार और यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया गया।
समीक्षा के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का ने विभागीय अभियानों, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उपायों, ब्लैक स्पॉट, यातायात नियमों के अनुपालन और राजस्व संग्रहण की स्थिति की जानकारी दी। उपायुक्त ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ नियम का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों को पेट्रोल नहीं देने और नियमों की अनदेखी करने वाले पेट्रोल पंपों पर नियमानुसार कार्रवाई की बात कही गई।
बैठक में रामगढ़ शहरी क्षेत्र में सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को स्वयं हटाने की अपील की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि स्वेच्छा से अतिक्रमण नहीं हटाने पर विशेष अभियान चलाकर कानूनी कार्रवाई के साथ जुर्माना वसूला जाएगा।
मुख्य सड़कों, राज्य मार्गों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों पर भी सख्ती करने का निर्णय लिया गया। बिना उचित कारण सड़क पर खड़े वाहनों को क्रेन या टोइंग के माध्यम से हटाने तथा संबंधित वाहन मालिकों और चालकों पर जुर्माना लगाने का निर्देश दिया गया। बड़े मालवाहक वाहनों, ट्रक, ट्रेलर और हाइवा समेत व्यावसायिक वाहनों में रिफ्लेक्टिव स्टीकर लगाना भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा गया।
उपायुक्त ने चुटुपालू घाटी में स्पीड चालान मीटर जल्द शुरू करने का निर्देश दिया। साथ ही घाटी में निर्धारित गति सीमा के अनुसार वाहन चलाने की अपील की गई। हालिया सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा करते हुए जिले के सभी चिह्नित ब्लैक स्पॉट पर सुधारात्मक कार्रवाई तेज करने को कहा गया। एनएच और राज्य मार्गों पर साइनेज बोर्ड, ब्लिंकर लाइट, स्पीड ब्रेकर और रिफ्लेक्टर लगाने का काम जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने अवैध बालू, कोयला एवं अन्य खनिजों से जुड़े ओवरलोड वाहनों तथा तेज और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग के साथ संयुक्त जांच अभियान चलाने की बात कही। ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों के परमिट रद्द करने और चालकों के लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ट्रिपल राइडिंग और शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमित विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। नाबालिगों के वाहन चलाने पर उनके अभिभावकों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों के पालन का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के जीवन की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। उन्होंने नागरिकों और व्यापारियों से अतिक्रमण तथा अनधिकृत पार्किंग से बचने और यातायात नियमों के पालन में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
बैठक में एसडीओ कृष्ण मुरारी तिर्की, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, डीटीओ राजेश एक्का, मोटरयान निरीक्षक, डीएसपी यातायात/मुख्यालय, सड़क सुरक्षा प्रबंधक, एनएचएआई एवं पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता सहित अन्य अधिकारी और कर्मी मौजूद थे।