पोस्टर, क्विज, रैली, नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
रामगढ़, 29 सितंबर: राधा गोविन्द विश्वविद्यालय, रामगढ़ के फार्मेसी विभाग एवं राधा गोविन्द फार्मेसी कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर 23 से 29 सितंबर तक साप्ताहिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “स्वस्थ भविष्य के लिए फार्मासिस्टों का सशक्तिकरण” रही। आयोजन का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं में फार्मासिस्टों की भूमिका, सुरक्षित दवा वितरण और रोगी परामर्श के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी. एन. शाह, सचिव प्रियंका कुमारी, कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार तथा प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार मौजूद रहे।
इस अवसर पर सचिव प्रियंका कुमारी ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में फार्मासिस्टों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने पेशे के प्रति जिम्मेदारी और सेवा भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कुलाधिपति बी. एन. शाह ने कहा कि फार्मासिस्ट समाज और स्वास्थ्य प्रणाली के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके सशक्तिकरण से स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाया जा सकता है। कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था में फार्मासिस्टों की भूमिका केवल दवा उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि दवा प्रबंधन और जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान है। कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल ने विद्यार्थियों को नवाचार एवं अनुसंधान के माध्यम से वैश्विक स्वास्थ्य चुनौतियों के समाधान में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
राधा गोविन्द फार्मेसी कॉलेज के प्राचार्य साई प्रकाश पाणिग्राही ने कहा कि विश्व फार्मासिस्ट दिवस विद्यार्थियों को दवा सुरक्षा, पेशेवर कर्तव्यों और समाज के प्रति नैतिक जिम्मेदारियों से परिचित कराने का महत्वपूर्ण अवसर है।
साप्ताहिक आयोजन के दौरान पोस्टर मेकिंग, लीफलेट, स्किट, क्विज, रैली, नुक्कड़ नाटक, रील निर्माण, रंगोली, शतरंज, क्रिकेट, कबड्डी और मेहंदी सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने पोस्टर एवं मॉडल के माध्यम से आधुनिक स्वास्थ्य व्यवस्था में फार्मासिस्टों के योगदान, एंटीबायोटिक के उचित उपयोग और रोगी सुरक्षा से जुड़े विषयों को प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। मौके पर फार्मेसी विभाग के शिक्षक जयिता रॉय, सुरजीत बर्मन, अरूप गोस्वामी, झरना पलेई, शम्भू प्रसाद सिंह, सुमित कुमार, रमा सोनी, सस्मिता बास्के, डॉ. राहुल कुमार, राहुल दत्ता, भाग्यश्री प्रभात, मलय स्वाइन, रंजन घोष, सूर्यनारायण कुमार, आलोक कुमार, अभिजित सहाना, रुमा दाश, गायत्री मल्लिक, श्रुति कुमारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।