नई दिल्ली, 28 सितंबर: देशभर में 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल टाल दी गई है। रविवार देर रात इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हुई बैठक के बाद हड़ताल स्थगित करने पर सहमति बनी। ऐसे में सोमवार, 28 सितंबर से बैंक शाखाओं में सामान्य रूप से कामकाज होने की उम्मीद है।
बैठक में बैंक कर्मचारियों की पांच दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग, सभी शनिवार को अवकाश घोषित करने समेत अन्य लंबित मुद्दों पर चर्चा हुई। समझौते के तहत IBA और UFBU की एक उच्चस्तरीय समिति गठित की जाएगी, जो सभी शनिवार को बैंक अवकाश घोषित करने के मुद्दे पर विभिन्न विकल्पों और संबंधित पक्षों से चर्चा करेगी।
UFBU ने कहा कि समिति ग्राहकों के हितों को ध्यान में रखते हुए समाधान तलाशेगी। इसके अलावा वरिष्ठ अधिकारियों के Performance Linked Incentive (PLI) से जुड़े मुद्दे तथा मार्च 2024 में दर्ज अन्य लंबित मांगों पर भी आगे बातचीत की जाएगी। इन सहमतियों के बाद यूनियनों ने प्रस्तावित आंदोलन और हड़ताल को फिलहाल स्थगित करने का फैसला किया।
हड़ताल के कारण बैंकिंग सेवाओं पर तीन दिनों तक असर पड़ने की आशंका थी। इसे देखते हुए सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को 27 सितंबर, रविवार को भी खोलने की व्यवस्था की थी, ताकि ग्राहकों को लगातार छुट्टियों के कारण परेशानी न हो। हड़ताल टलने के बाद ग्राहकों को राहत मिली है।