नई दिल्ली, 01 सितंबर: भारतीय डाक विभाग ने ग्रामीण डाक सेवक भर्ती 2026 के लिए बड़ी भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। जुलाई 2026 सत्र के तहत देशभर के विभिन्न डाक सर्किलों में 23,757 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। भर्ती में शाखा पोस्टमास्टर, सहायक शाखा पोस्टमास्टर और डाक सेवक के पद शामिल हैं।
भर्ती के लिए वन-टाइम रजिस्ट्रेशन 31 अगस्त 2026 से शुरू हो गया है। उम्मीदवार 2 सितंबर से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 21 सितंबर 2026 बताई गई है। विभाग ने उम्मीदवारों को आवेदन से पहले आधिकारिक अधिसूचना में अपनी पात्रता और दस्तावेजों की जांच करने की सलाह दी है।
GDS भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं कक्षा उत्तीर्ण होना जरूरी है। 10वीं में गणित और अंग्रेजी विषय की पढ़ाई/उत्तीर्णता तथा संबंधित सर्किल की स्थानीय भाषा का ज्ञान आवश्यक है। सामान्य तौर पर आयु सीमा 18 से 40 वर्ष निर्धारित है, जबकि आरक्षित वर्गों को नियमानुसार छूट मिलेगी।
इस भर्ती की खास बात यह है कि उम्मीदवारों के चयन के लिए लिखित परीक्षा या इंटरव्यू नहीं होगा। 10वीं में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।
जारी आंकड़ों के अनुसार झारखंड सर्किल में 1,379 पद हैं। वहीं बिहार में 1,098, उत्तर प्रदेश में 1,691, राजस्थान में 1,009 और मध्य प्रदेश में 1,450 पदों पर भर्ती की जानी है।
सामान्य श्रेणी के पात्र अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये रखा गया है। महिलाओं, अनुसूचित जाति/जनजाति और दिव्यांग अभ्यर्थियों समेत निर्धारित श्रेणियों को शुल्क में छूट दी गई है।