रांची में 11 सैंपल की जांच में 8 H1N1 पॉजिटिव; स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों को सतर्क रहने का दिया निर्देश
रांची, 30 अगस्त: देश के कई राज्यों में इन्फ्लूएंजा ए (H1N1) और H3N2 के मामले सामने आने के बाद झारखंड स्वास्थ्य विभाग ने भी राज्यभर में अलर्ट जारी कर दिया है। रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान में जांच किए गए 11 सैंपलों में से आठ में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने सभी सिविल सर्जनों, मेडिकल कॉलेजों और जिला सर्विलांस अधिकारियों को सतर्कता बढ़ाने का निर्देश दिया है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने कहा कि फिलहाल घबराने की स्थिति नहीं है। अलर्ट का उद्देश्य लोगों को जागरूक करना और संक्रमण की आशंका को देखते हुए अस्पतालों में पहले से आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करना है। उन्होंने लोगों से सामान्य बुखार को भी हल्के में नहीं लेने और लक्षण होने पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में संदिग्ध एवं संक्रमित मरीजों के लिए कम से कम 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड चिह्नित करने का निर्देश दिया है। अस्पतालों को पीपीई किट, मास्क, जरूरी दवाएं, ऑक्सीजन उपकरण और वेंटिलेटर की पर्याप्त व्यवस्था रखने को कहा गया है। अस्पतालों की ओपीडी में फ्लू जैसे लक्षणों वाले मरीजों की स्क्रीनिंग भी की जाएगी।
इन्फ्लूएंजा ए H1N1 और H3N2 की जांच की सुविधा रांची के RIMS और जमशेदपुर के MGM मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध कराई गई है। स्वास्थ्य विभाग ने इन्फ्लूएंजा जैसे लक्षणों (ILI) और गंभीर श्वसन संक्रमण (SARI) के मामलों की रोजाना निगरानी और रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने को कहा है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बुजुर्गों, पांच वर्ष तक के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों में संक्रमण का खतरा अधिक हो सकता है। लोगों को भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क लगाने, खांसते या छींकते समय नाक-मुंह ढकने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है। बिना चिकित्सकीय सलाह के एंटीबायोटिक लेने से भी बचने को कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि राज्य में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और समय पर जांच एवं उपचार के लिए स्वास्थ्य संस्थानों को तैयार किया जा रहा है। स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी के लिए 104 हेल्थलाइन भी उपलब्ध है।