रामगढ़, 15 अगस्त: जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट और मार्ट का औचक निरीक्षण किया। यह कार्रवाई उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज के निर्देश पर की गई।
निरीक्षण के दौरान सुभाष चौक स्थित मारवाड़ी होटल, बिहार भोजनालय, शालीमार स्वीट्स, प्रिया स्वीट्स, थाना चौक स्थित स्पाइस गार्डन तथा नईसराय स्थित फैमिली मार्ट की जांच की गई। टीम ने होटल एवं रेस्टोरेंट के किचन में साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के रख-रखाव और आवश्यक दस्तावेजों की स्थिति का जायजा लिया।
जांच के दौरान संबंधित प्रतिष्ठानों को पेस्ट कंट्रोल प्रमाण-पत्र, मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट, वाटर टेस्ट रिपोर्ट समेत अन्य जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने खाद्य सामग्री को सुरक्षित तरीके से रखने और प्रतिष्ठानों में नियमित स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
नईसराय स्थित फैमिली मार्ट में विभिन्न खाद्य सामग्रियों की विनिर्माण तिथि, अंतिम उपयोग की तिथि और लेबल पर अंकित अन्य आवश्यक जानकारियों की जांच की गई। अधिकारियों ने खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण तथा प्रतिष्ठान में साफ-सफाई को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मो. मंजर हुसैन, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डेरिक तिग्गा तथा खाद्य सुरक्षा कार्यालय के लुकेश रवानी शामिल थे। विभाग ने कहा कि जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच जारी रहेगी और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।