रामगढ़ में कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को नमन, पूर्व सैनिकों ने वीर जवानों के बलिदान को किया याद

Spread the News

रामगढ़, 27 जुलाई: अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद की ओर से रविवार को अशेश्वर सिंह ब्रह्मर्षि धर्मशाला में अध्यक्ष रविंद्र शर्मा के नेतृत्व में कारगिल विजय दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज, कैंटोनमेंट बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विवेक सिंह तथा ब्रिगेड कमांडर संजीव शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद सभी अतिथियों एवं पूर्व सैनिकों ने अमर जवान ज्योति पर पुष्पांजलि अर्पित कर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा दो मिनट का मौन रखकर उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 1999 में भारतीय सेना ने अदम्य साहस, पराक्रम और वीरता का परिचय देते हुए कारगिल की दुर्गम चोटियों पर तिरंगा फहराकर देश की अखंडता और संप्रभुता की रक्षा की थी। कारगिल के वीर शहीदों का बलिदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश सेवा और राष्ट्रभक्ति की भावना को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

उपायुक्त ऋतुराज ने अपने संबोधन में कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का त्याग और बलिदान देश कभी नहीं भूल सकता। वहीं ब्रिगेड कमांडर संजीव शर्मा ने कहा कि भारतीय सेना हर परिस्थिति में देश की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और कारगिल युद्ध का इतिहास वीरता एवं शौर्य का प्रतीक है। कैंटोनमेंट बोर्ड के सीईओ विवेक सिंह ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, उनके परिजन, गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने शहीदों के सम्मान में राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय और वंदे मातरम् के उद्घोष के साथ हुआ।