रामगढ़ में शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास का प्रांतीय कार्यकर्ता अभ्यास वर्ग संपन्न, भारतीय ज्ञान परंपरा व राष्ट्र निर्माण पर मंथन

Spread the News

रामगढ़, 26 जुलाई: शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, झारखंड प्रांत के एक दिवसीय प्रांतीय कार्यकर्ता अभ्यास वर्ग का आयोजन रविवार को राधा गोविंद विश्वविद्यालय, रामगढ़ के सभागार में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, पुष्पार्चन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। उद्घाटन सत्र में राष्ट्रीय सह-सचिव डॉ. सविता सेंगर, क्षेत्रीय संयोजक डॉ. विजय कुमार सिंह, प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. पीयूष रंजन, विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल तथा प्रांत संयोजक महेंद्र कुमार सिंह मंचासीन रहे। अतिथियों का अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर सम्मान किया गया।

प्रांत संयोजक महेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक शिक्षा के समन्वय के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का कार्य कर रहा है। कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि ने युवाओं में सांस्कृतिक चेतना, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रभाव विकसित करने पर बल देते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया।

राष्ट्रीय सह-सचिव डॉ. सविता सेंगर ने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, राष्ट्र निर्माण और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का आधार है। उन्होंने नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन में न्यास की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए भारतीय जीवन मूल्यों पर आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

द्वितीय सत्र में क्षेत्रीय संयोजक डॉ. विजय कुमार सिंह ने संगठनात्मक संरचना एवं कार्यप्रणाली पर मार्गदर्शन दिया। तृतीय सत्र में प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. पीयूष रंजन ने आगामी कार्यक्रमों और कार्ययोजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की, जबकि चतुर्थ सत्र में विभिन्न दायित्वों की घोषणा की गई।

समापन सत्र में राष्ट्रीय सह-संयोजक (तकनीकी शिक्षा) डॉ. रंजीत प्रसाद ने “पंच परिवर्तन” विषय पर उद्बोधन देते हुए शिक्षा, संस्कार, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया। भारतीय भाषा मंच के सह-संयोजक डॉ. राघव माधव झा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। राष्ट्रीय गान एवं शांति मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

अभ्यास वर्ग में झारखंड प्रांत के विभिन्न जिलों से आए प्रांतीय पदाधिकारियों, विभाग एवं जिला संयोजकों तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।