छपरा, 26 जुलाई: बिहार के सारण जिले में डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस को दुर्घटनाग्रस्त करने की आशंका वाला एक मामला सामने आया है। शुक्रवार देर रात गौतमस्थान रेलवे स्टेशन के पास अज्ञात लोगों द्वारा रेलवे ट्रैक पर सिंटेक्स की पानी की टंकी रख दी गई। राजधानी एक्सप्रेस टंकी से टकरा गई, लेकिन लोको पायलट की सतर्कता और समय पर इमरजेंसी ब्रेक लगाने से बड़ा रेल हादसा टल गया।
टक्कर के बाद पानी की टंकी इंजन के अगले हिस्से में फंस गई, जिससे ट्रेन को तत्काल रोकना पड़ा। रेलवे कर्मचारियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद टंकी को काटकर हटाया, जिसके बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया। इस दौरान रेल परिचालन कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल, जीआरपी और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा तथा पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि असामाजिक तत्वों ने जानबूझकर ट्रैक पर पानी की टंकी रखी थी। हालांकि, रेलवे अधिकारियों ने अभी किसी निष्कर्ष की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है।
रेलवे प्रशासन ने कहा कि दोषियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ और सभी यात्री सुरक्षित हैं। अधिकारियों ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह शरारत थी या ट्रेन को पटरी से उतारने की सुनियोजित साजिश।