26 दिन बाद सोनम वांगचुक ने तोड़ा अनशन, केंद्र के आश्वासन के बाद लिया फैसला

Spread the News

नई दिल्ली, 24 जुलाई: लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक ने 26 दिनों तक चले अपने अनशन को शुक्रवार को समाप्त कर दिया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह की मौजूदगी में उन्होंने जूस पीकर अपना उपवास तोड़ा।

बताया गया कि केंद्र सरकार के साथ कई दौर की बातचीत के बाद कुछ प्रमुख मांगों पर सकारात्मक पहल और शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल छात्रों एवं समर्थकों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने के आश्वासन के बाद वांगचुक ने अनशन समाप्त करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा है और भविष्य में भी संवैधानिक व लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखते रहेंगे।

सोनम वांगचुक पिछले 26 दिनों से विभिन्न मांगों को लेकर आमरण अनशन पर बैठे थे। उनके समर्थन में देश के कई हिस्सों में लोगों ने एकजुटता दिखाई थी। अनशन समाप्त होने के बाद समर्थकों ने खुशी जताई और इसे संवाद के जरिए समाधान की दिशा में सकारात्मक कदम बताया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोनम वांगचुक के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। वहीं, सरकार और आंदोलनकारियों के बीच आगे भी वार्ता जारी रहने की संभावना जताई जा रही है।