जनता दरबार में 14 फरियादियों की समस्याएं सुनीं, उपायुक्त ने त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश

Spread the News

रामगढ़, 22 जुलाई: समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में मंगलवार को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी ऋतुराज की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे 14 फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने सभी आवेदकों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनता दरबार में सामाजिक सुरक्षा पेंशन, अबुआ आवास योजना, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, दखल-दिहानी, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, सड़क निर्माण समेत विभिन्न जनसमस्याओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त ने सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।

उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना सुनिश्चित करें। जनता दरबार के माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।