रामगढ़, 19 जुलाई: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आज 19 जुलाई को आयोजित होने वाली क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। शनिवार को उपायुक्त ऋतुराज एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर अंतिम तैयारियों का जायजा लिया। जिले के 30 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था, परीक्षा कक्षों की तैयारियां, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, सीसीटीवी निगरानी तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्राधीक्षकों एवं प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों से परीक्षा संचालन की तैयारियों की जानकारी लेते हुए आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि परीक्षा का आयोजन पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं कदाचारमुक्त वातावरण में कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्त तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा संचालन में प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों से समन्वय और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की। जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से भी निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने, आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा केंद्र में लेकर नहीं आने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कदाचार के किसी भी प्रयास के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।