SIR-2026 की समीक्षा बैठक में बीएलओ को सख्त चेतावनी, लापरवाही पर निलंबन व बर्खास्तगी की कार्रवाई होगी

Spread the News

रामगढ़, 18 जुलाई: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR)-2026 के सफल एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर शुक्रवार को बड़कागांव प्रखंड कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भूमि सुधार उप समाहर्ता सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बड़कागांव दीप्ति प्रियंका कुजूर ने की।

बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ तथा अन्य संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ मतदान केंद्रवार गणना प्रपत्रों के वितरण, प्राप्त प्रपत्रों की स्थिति, घर-घर सत्यापन, मतदाताओं के ऑनलाइन डिजिटाइजेशन एवं अन्य निर्वाचन संबंधी कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने सभी बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करें और निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से शत-प्रतिशत पूरा करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित नहीं रहना चाहिए तथा सत्यापन कार्य पूरी पारदर्शिता और सावधानी के साथ किया जाए।

बैठक में अधिकारियों ने निर्वाचन कार्य को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए नियमित अनुश्रवण और दैनिक प्रगति की समीक्षा पर जोर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा नहीं करने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

समीक्षा के दौरान जिन बीएलओ सुपरवाइजर एवं बीएलओ का कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया, उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया तथा तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि कार्य में सुधार नहीं होने पर निलंबन अथवा सेवा से बर्खास्तगी जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है।

बैठक में प्रखंड स्तर पर नियमित निगरानी, सतत समीक्षा और सभी संबंधित विभागों के बेहतर समन्वय के माध्यम से मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने पर बल दिया गया।