धनबाद, 18 जुलाई: अलेप्पी एक्सप्रेस में तकनीकी खराबी के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेन के रवाना होने से पहले अपनी-अपनी सीटों पर बैठ चुके यात्रियों को अचानक कोच से नीचे उतरने के लिए कहा गया। इसके बाद रेलवे के कैरिज एंड वैगन (C&W) विभाग की टीम ने प्रभावित कोच की गहन जांच शुरू की।
जांच के दौरान पता चला कि कोच के नीचे लगी महत्वपूर्ण कॉपर केबल चोरी हो गई थी, जिसके कारण कोच की विद्युत एवं तकनीकी प्रणाली प्रभावित हो गई थी। कर्मचारियों ने काफी देर तक कोच को दुरुस्त करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
स्थिति को देखते हुए रेलवे अधिकारियों ने प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग करने का निर्णय लिया। इसके बाद कोचिंग डिपो से दूसरी बोगी मंगाई गई और उसे ट्रेन से जोड़ा गया। सभी आवश्यक तकनीकी जांच पूरी होने के बाद अलेप्पी एक्सप्रेस को गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
इस पूरी प्रक्रिया में ट्रेन निर्धारित समय से काफी देर तक विलंबित रही, जिससे यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा। रेलवे अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कॉपर केबल चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए दोषियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। यात्रियों ने रेलवे से ऐसे मामलों में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।