रामगढ़, 14 जुलाई। झारखंड सेवा समिति की ओर से मंगलवार को छावनी परिषद अस्पताल, रामगढ़ में आयोजित “रक्तदान महादान” कार्यक्रम में राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया। इस दौरान प्रतिभागियों ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए मानव सेवा और रक्तदान के महत्व का संदेश दिया।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी. एन. साह ने सभी रक्तदाताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “रक्तदान सबसे बड़ा मानव धर्म और महादान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। युवाओं को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।”
विश्वविद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी ने कहा कि राधा गोविन्द विश्वविद्यालय समाज सेवा और मानवीय मूल्यों के प्रति सदैव प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करता रहेगा। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अन्य रक्तदाताओं के इस योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार सहित विश्वविद्यालय परिवार की ओर से सभी रक्तदाताओं को शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम का नेतृत्व विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों ने किया। रक्तदान के साथ-साथ शिक्षकों और विद्यार्थियों ने लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने और जरूरतमंदों की सहायता करने का आह्वान भी किया। कार्यक्रम के माध्यम से मानव सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व और जीवन बचाने के प्रति युवाओं की सकारात्मक भागीदारी का संदेश दिया गया।