रांची, 10 जुलाई: प्रवर्तन निदेशालय ने धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड के पूर्व मंत्री कमलेश सिंह से जुड़ी करीब 66 एकड़ भूमि, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 85 करोड़ रुपये बताई जा रही है, को अस्थायी रूप से जब्त कर लिया है। यह कार्रवाई कथित मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध संपत्ति अर्जित करने के मामले की जांच के क्रम में की गई है।
ईडी के अनुसार, जांच में सामने आया कि संबंधित अचल संपत्तियां कथित अपराध से अर्जित आय से खरीदी गईं या विकसित की गईं। एजेंसी का कहना है कि संपत्तियों को जब्त करने का उद्देश्य जांच के दौरान इनके हस्तांतरण या बिक्री को रोकना है। मामले की जांच अभी जारी है और आगे भी कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि कमलेश सिंह और उनके परिजनों से जुड़े मामलों में ईडी पहले भी कार्रवाई कर चुकी है। यह मामला झारखंड में चर्चित मनी लॉन्ड्रिंग जांचों में शामिल है और इससे जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच लगातार जारी है।