बोकारो के काला पत्थर में बनेगा अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, विधायक श्वेता सिंह ने किया शिलान्यास

Spread the News

बोकारो, 07 जुलाई: जिले के चास प्रखंड स्थित काला पत्थर क्षेत्र में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। सोमवार को स्थानीय विधायक श्वेता सिंह ने परियोजना का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और युवाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारी का अवसर देने के उद्देश्य से इस परियोजना की शुरुआत की गई है।

विधायक ने बताया कि स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) फंड से कराया जाएगा। प्रथम चरण में लगभग 2.5 एकड़ भूमि पर 9.31 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक इनडोर स्टेडियम का निर्माण होगा। स्टेडियम में बैडमिंटन, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल सहित विभिन्न इनडोर खेलों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। खिलाड़ियों के लिए चेंजिंग रूम, दर्शक दीर्घा, प्रशिक्षण कक्ष और अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि बोकारो जिले में खेल अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में यह परियोजना मील का पत्थर साबित होगी। इससे क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अभ्यास का अवसर मिलेगा तथा उन्हें बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने में मदद मिलेगी।

शिलान्यास कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। लोगों ने इस परियोजना का स्वागत करते हुए कहा कि स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनने से क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए नए अवसर सृजित होंगे।