भुरकुंडा में प्रिंस खान गैंग के गुर्गों से पुलिस की मुठभेड़, शूटर शिवा के पैर में लगी गोली, दो गिरफ्तार

Spread the News

रामगढ़, 07 जुलाई: झारखंड के रामगढ़ जिले के भुरकुंडा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह पुलिस और कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के गुर्गों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गैंग का सक्रिय सदस्य शिवा उर्फ शिवराम (22) गोली लगने से घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है और उसे पुलिस सुरक्षा में रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उसके एक अन्य साथी को भी गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गिरोह के सदस्य भुरकुंडा क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर धनबाद और रामगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में शिवा घायल हो गया और दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया।

घटनास्थल से पुलिस ने दो पिस्टल, 59 जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शिवा पहले श्रीवास्तव और राहुल दुबे गिरोह के लिए काम करता था तथा हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद प्रिंस खान गिरोह से जुड़ गया था।

रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि संगठित अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और प्रिंस खान गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार गैंगस्टर प्रिंस खान के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने की दिशा में यह बड़ी सफलता मानी जा रही है।