बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर का बड़ा दांव, खुद उतरेंगे चुनावी मैदान में

Spread the News

पटना, 6 जुलाई: बिहार की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने राजधानी पटना की प्रतिष्ठित बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का फैसला किया है। पार्टी ने उनकी उम्मीदवारी की घोषणा कर दी है, जिसके बाद इस सीट का मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है।

बांकीपुर सीट भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री नितिन नवीन के विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद खाली हुई है। लंबे समय से भाजपा का गढ़ रही इस सीट पर प्रशांत किशोर की एंट्री को जन सुराज का अब तक का सबसे बड़ा राजनीतिक दांव माना जा रहा है।

उम्मीदवारी की घोषणा के बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि बांकीपुर की जनता बदलाव चाहती है और जन सुराज विकास, शिक्षा, रोजगार तथा बेहतर नागरिक सुविधाओं के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि यह चुनाव सिर्फ एक सीट का नहीं, बल्कि बिहार की नई राजनीति की शुरुआत का चुनाव होगा।

वहीं, भाजपा ने अभी अपने प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है, लेकिन पार्टी इस सीट को हर हाल में अपने कब्जे में बनाए रखने की रणनीति तैयार कर रही है। दूसरी ओर, महागठबंधन में भी उम्मीदवार को लेकर मंथन जारी है। कांग्रेस ने साझा उम्मीदवार की बात कही है, जबकि राजद अपने स्तर पर चुनावी तैयारियों में जुटा है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बांकीपुर उपचुनाव का परिणाम सिर्फ एक विधानसभा सीट तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सभी प्रमुख दलों की राजनीतिक ताकत और रणनीति की भी परीक्षा होगी। ऐसे में इस सीट पर पूरे राज्य की निगाहें टिकी हुई हैं।