पटना, 05 जुलाई: श्रावणी मेला 2026 को भव्य, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए बिहार सरकार ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार सुल्तानगंज से बिहार-झारखंड सीमा स्थित दुम्मा तक कांवरिया पथ पर श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। उद्घाटन के अवसर पर सुल्तानगंज स्थित बाबा अजगैबीनाथ मंदिर के पास आकर्षक ड्रोन शो और लेजर शो का आयोजन होगा, जबकि उद्घाटन एवं समापन समारोह में राष्ट्रीय स्तर के कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।
पर्यटन विभाग के अनुसार कांवरिया पथ पर विभिन्न स्थानों पर टेंट सिटी स्थापित की जाएगी, जहां ठहरने के लिए बेड, स्नानघर, शौचालय, शुद्ध पेयजल, निर्बाध बिजली, चिकित्सा सहायता और विश्राम की समुचित व्यवस्था रहेगी। भागलपुर, बांका और मुंगेर जिलों में करीब 2650 बेड क्षमता वाली टेंट सिटी तैयार की जा रही है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए गंगा घाटों पर विशेष बैरिकेडिंग, कांवरिया पथ पर नियमित पुलिस गश्ती, सूचना संकेतक बोर्ड, हेल्पलाइन नंबर, बालू बिछाने और स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। पूरे मार्ग को भव्य प्रवेश द्वार, आकर्षक रोशनी, शिव थीम आधारित सजावट और शिव मंत्रों की ध्वनि से शिवमय बनाया जाएगा।
भोजन की व्यवस्था के लिए जीविका दीदियों द्वारा संचालित ‘दीदी की रसोई’ में स्वच्छ एवं किफायती भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। सभी भोजन केंद्रों पर निर्धारित दर सूची भी प्रदर्शित की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
राज्य सरकार का लक्ष्य इस वर्ष लाखों कांवरियों को सुरक्षित, व्यवस्थित और यादगार यात्रा का अनुभव प्रदान करना है। इसके लिए सभी विभागों को समय सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।